10 जनपदों में 8 भाजपा, 2 में कांग्रेस का कब्जा: पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के प्रभात पट्‌टन में कांग्रेस को मिली दो वोटों से हार

बैतूल24 मिनट पहले

कॉपी लिंक

बैतूल की 10 जनपदों में 8 पर भाजपा और दो पर कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष बने हैं। बुधवार की तरह गुरुवार को भी आए पांच जनपदों के नतीजों में चार भाजपा और एक पर कांग्रेस समर्थित सदस्य को अध्यक्ष की कुर्सी मिली। भैंसदेही में तो कांग्रेस चुनाव में अपना प्रत्याशी ही तय नहीं कर सकी, जिसके चलते यहां अध्यक्ष के पद पर भाजपा समर्थित यशवंती निर्विरोध अध्यक्ष चुन ली गईं।जबकि चिचोली में भाजपा ने अध्यक्ष का पद तो खोया ही उपाध्यक्ष पद भी टाॅस के बावजूद उसका नहीं हो सका। गुरुवार को 10 में से 5 जनपद प्रभात पट्टन, चिचोली, आठनेर, भीमपुर और भैंसदेही में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के पदों का चुनाव हुआ।

चिचोली में कांग्रेस ने बाजी जीती

13 सदस्यीय चिचोली जनपद में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित सरस्वती के सिर पर अध्यक्ष का ताज सज गया है। सरस्वती ने भाजपा समर्थित सपना इवने को महज एक वोट से हराया। सरस्वती को 7 जबकि सपना को 6 वोट मिले। जबकि उपाध्यक्ष पद के सशक्त दावेदार माने जा रहे सुभाष पटेल को टास में यह पद खोना पड़ा। यहां उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस समर्थित सुनीता बारस्कर टास में जीत गई। सुनीता और सुभाष को 6 -6 वोट मिले थे।जबकि एक वोट निरस्त हो गया था, जिसके बाद हुए टॉस में सुनीता को विजयी घोषित कर दिया गया।

भैंसदेही में ऐतिहासिक जीत

21 सदस्यो वाली भैंसदेही जनपद में भाजपा समर्थित सदस्य की ऐतिहासिक जीत हुई है। यहां यशवंति धुर्वे निर्विरोध अध्यक्ष चुन ली गई। यहां कांग्रेस समर्थित अपना प्रत्याशी ही तय नहीं कर पाए। इस जनपद में 12 महिला सदस्य चुनकर आई है, जिनमें यशवंती को अध्यक्ष का पद मिला है। इधर, उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित पवन परते ने कांग्रेस समर्थित प्रशांत वागद्रे को 15 वोटों से हराया। प्रशांत को सिर्फ तीन वोट मिले, जबकि पवन ने 18 मत पाए।

प्रभात पट्टन में कांग्रेस को शिकस्त

पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के इलाके में कांग्रेस को शिकस्त मिली है। प्रभात पट्टन जनपद में भाजपा समर्थित सोनाली ईडपाचे अध्यक्ष चुनी गई है। उन्होंने कांग्रेस समर्थित कश्मीरा धुर्वे को दो वोट से हराया। सोनाली को 13 और कश्मीरा को 11 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद कांग्रेस बचाने में कामयाब हो गई। कांग्रेस के देवीसिंह वानखेड़े को 15 और भाजपा समर्थित राजेश पवार को 9 वोट मिले।

आठनेर में भाजपा समर्थित अध्यक्ष

17 सदस्यो वाली आठनेर जनपद में भाजपा समर्थित रोशनी इवने एक वोट से अध्यक्ष का पद हासिल करने में कामयाब हो गई। उनकी प्रतिद्वंदी जयवंति इडापचे 8 वोट लेकर नतीजा हार गई। रोशनी को 9 वोट मिले। जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए हुए घमासान में भाजपा समर्थित रेखा कमलेश सोलंकी ने गुलाब सोलंकी को 7 वोट से हराया। रेखा को 12 और गुलाब को 7 वोट ही मिले।

भीमपुर में मचा घमासान

24 सदस्यों वाली भीमपुर जनपद में अध्यक्ष पद के लिए खूब घमासान मचा। यहां अध्यक्ष पद पर काबीज होने के लिए एक से ज्यादा लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया। यहां भाजपा समर्थित भैयालाल इरपाचे 10 वोट लेकर अध्यक्ष पद का चुनाव जीत गए हैं ।उन्होंने कांग्रेस समर्थित गोदान परते को हराया। अध्यक्ष पद के चुनाव में 3 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे इनमें भैयालाल को 10,गोदान को 8, संतोष चौहान को 6 वोट मिले। जबकि उपाध्यक्ष के चुनाव में भी जमकर घमासान हुआ। इसमें प्रेमलता कासदे को आठ, दिलीप को 4, रामकिशन को 7, सुमित्रा को 4, वोट मिले, जबकि एक वोट खारिज हो गया।

खबरें और भी हैं…

error: Content is protected !!