मंडला40 मिनट पहले
मंडला के उपनगरीय क्षेत्र महाराजपुर थाना अंतर्गत दादा धनीराम वार्ड के कारीकोन क्षेत्र में झाड़ियों में एक नवजात मिला। नवजात की रोने के आवाज सुनकर लोगों ने उसे देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची महाराजपुर पुलिस ने नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दर्द से बिलख रहा था नवजात
घटना के विषय में पुलिस ने बताया है कि शुक्रवार सुबह कारीकोन से गुजर रहे ग्रामीणों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। उन्होंने नजदीक जाकर झाड़ियों में देखा तो पाया कि वहां एक नवजात पड़ा हुआ है और दर्द से बिलख रहा है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नवजात को कपड़ों में लपेटकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।
माता-पिता की तलाश कर रही पुलिस
अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि नवजात की प्री मैच्योर डिलीवरी हुई है। खुले में रहने के कारण उसे इन्फेक्शन हो गया। जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महाराजपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि महाराजपुर थाना क्षेत्र में नवजात मिला है, जो कि लड़का है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर माता-पिता की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें और भी हैं…