विदिशा9 मिनट पहले
कॉपी लिंक
विदिशा में रविवार रात से हो रही बारिश के बाद सबकुछ अस्त व्यस्त हो गया है। जिले के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। 2 दिन से हो रही बारिश के कारण बेतवा का जलस्तर बढ़ गया है। बेतवा ने 1373 फिट खतरे का निशान पार कर लिया है। बेतवा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है।
पिछले कई दशकों बाद बेतवा का पानी तय बहाव क्षेत्र से करीब 2 किलोमीटर तक शहर में अंदर आ गया है। इसके किनारे बसी बस्तियां जलमग्न हो गई हैं। नदी के पानी में रामलीला क्षेत्र में बनी दुकाने डूब गई हैं। वहीं रायपुरा क्षेत्र और जनकी कुंज क्षेत्र में लगभग 5 फीट पानी है तो बक्सरिया और नदीयापुरा भी पानी से भर चुका है। यहां 2 से 3 फीट पानी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है
रामलीला चौराहे तक पानी आने के बाद लोगों ने बेतवा के रौद्र रूप को शांत करने के लिए पूजा-अर्चना भी की। इन क्षेत्रो में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तहसीदार सरोज अग्निबंशी रामलीला क्षेत्र में तैनात थी और हर स्थिति पर नजर रखी थीं। उन्होंने बताया कि लोगों को रेस्क्यू करके निकाला जा रहा है। रात से ही लोगों को राहत शिविर में पहुंचा रहे हैं। अभी तक लगभग 4 हजार लोगों को राहत शिविरो में पहुंचाया जा चुका है।
CM ने किया हवाई सर्वे
विदिशा में बाढ़ के हालात हैं। इसी वजह से मंगलवार दोपहर CM शिवराज सिंह चौहान ने हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वे भी किया। इस दौरान उन्होंने नटेरन, गंज बासौदा, विदिशा, कुरवाई आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर बाढ़ के हालातों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री बासौदा के संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय परिसर से राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही वे सिरवदा में बाढ़ पीड़ितों से चर्चा करेंगे।
इन इलाकों में भरा पानी
विदिशा के कई शहरी इलाके जैसे रामलीला मैदान, बक्सरिया, रायपुरा और जानकी कुंज सहित अन्य इलाके पानी में डूब चुके हैं। वहीं कागपुर, हिनोतिया, नटेरन, श्मशाबाद सहित 100 से अधिक ग्रामीण इलाके पानी की चपेट में हैं।
CM चौहान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया जायजा।
हिनोतिया कागपुरा सहित आसपास के कई गांव पानी में डूब चुके हैं। लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है।
CM ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर पीड़ितों से बात भी की। लोगों से उनकी समस्याएं समझीं।
शासकीय स्कूल आधे से ज्यादा पानी में डूबा। पिछले 2-3 दिनों से स्कूलों में छूट्टी है।
नटेरन, श्मशाबाद, रामलीला मैदान सहित कई इलाके पानी की चपेट में हैं। 4 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
खबरें और भी हैं…