सागरएक घंटा पहले
कॉपी लिंक
जिला अस्पताल में ऊंचे दामों पर खाद्य सामग्री खरीदी के मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने पर घोटाले की शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक से की गई है।
जिला अस्पताल में मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए ऊंचे दामों पर खाद्य सामग्री खरीदी के मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने पर घोटाले की शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक से की गई है। शिकायत में कहा गया है कि जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को बांटा जाने वाला भोजन तैयार करने के लिए खाद्य सामग्री खरीदी के टेंडर साढ़े 3 साल से नहीं हुए हैं। जिसके चलते पूर्व के ठेकेदारों द्वारा लंबे समय से बाजार दरों से दो से तीन गुना अधिक दरों पर सामग्री की आपूर्ति कर सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा। इस घोटाले में ठेकेदारों के अलावा अस्पताल के कर्मचारियों, टेंडर समिति तथा अधिकारियों की मिलीभगत है।
पिछले दिनों हुई टेंडर प्रक्रिया को पुराने ठेकेदारों द्वारा अनावश्यक रूप से बार-बार आगे बढ़वाया जा रहा है। ताकि उनके द्वारा की जा रही सामग्री की सप्लाई और उससे होने वाली मुनाफाखोरी जारी रह सके। इस तरह से सामग्री खरीदी में अतिरिक्त रूप से शासन की बड़ी धनराशि का घोटाला किया जा रहा है। सामग्री खरीदी के लिए न्यूनतम दरों पर जनवरी- फरवरी 22 में हुई टेंडर प्रक्रिया की स्वीकृति के बाद भी प्रबंधन ने खाद्य सामग्री आपूर्ति के सप्लाई आदेश नए सप्लायरों को जारी नहीं किए हैं। सामग्री सप्लाई की उच्चस्तरीय जांच कर ठेकेदारों द्वारा की गई मुनाफाखोरी की समस्त रकम की वसूली की जाए।
खबरें और भी हैं…