राजगढ़ नेवज नदी में हादसा: 40 वे के ताजिये ठंडे करने के दौरान युवक नदी में डूबा, तलाश जारी

राजगढ़ (भोपाल)एक घंटा पहले

राजगढ़ की नेवज नदी में 40वे के ताजिए ठंडे करने के दौरान एक हादसा हो गया। ब्यावरा से राजगढ़ की नेवज नदी में ताजिए ठंडे करने आए युवकों में से एक युवक सोयल उर्फ राजा नहाने के दौरान नदी में डूब गया। घटना के बाद राजगढ़ और ब्यावरा पुलिस की टीम व राजगढ़ एसडीएम मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू टीम को बुलाया। जिसके बाद देर शाम तक रेस्क्यू टीम ने युवक को निकालने के लिए प्रयास किया। लेकिन युवक का कही पता नही चला।

जिले के ब्यावरा में सोमवार को 40वे पर ताजिए निकाले गए थे। ताजियों को ठंडा करने के लिए मंगलवार को ब्यावरा से कुछ युवक राजगढ़ की नेवज नदी के कर्बला पर पहुंचे थे। इसी बीच ब्यावरा के माता मण्ड मोहल्ले में रहने वाला सोयल उर्फ राजा (22) अपने चार दोस्तों के साथ नेवज नदी में ताजिए को ठंडा करने से पहले ही नहाने उतर गए, और आगे चला गया, जहां गहरे पानी मे जाकर सोयल डूब गया। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। कुछ लोग और भी पानी में कूदे और युवक को निकालने का प्रयास किया। इसी बीच जब तक जानकारी पुलिस तक पहुंची, तो पुलिस ने होमगार्ड की रेस्क्यू टीम मौके पर बुलाई और शाम तक युवक को निकालने के लिए प्रयास करते रहे।

एसडीओपी सनम बी, राजगढ़ टीआई उमेश यादव सहित होमगार्ड सैनिकों की टीम मौके पर थी। जबकि राजा के परिवार सहित आसपास से बड़ी संख्या में लोग नेवज नदी के किनारे स्थित कर्बला पर पहुंच गए थे। खबर लिखे जाने तक युवक का कहीं पता नहीं लगा था। उल्लेखनीय है की ब्यावरा से जो ताजिया आए थे उसकी जानकारी पुलिस या प्रशासन को नहीं थी। नहीं तो जब भी इस तरह के कोई आयोजन होते हैं तो वहां पहले से सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाता है। लेकिन इस घटना के दौरान वहां गोताखोर या फिर अन्य कोई मौजूद नहीं था।

खबरें और भी हैं…

error: Content is protected !!